मोतीपुर (बहराइच)। अहिरनपुरवा गांव निवासी एक युवक ने शराब के लिए पैसे की मांग पूरी न होने पर बुधवार शाम मां की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मुर्तिहा कोतवाली अंतर्गत अहिरनपुरवा गांव निवासी नंदरानी (60) का पुत्र निरंकार अधिक शराब पीता था। वह आएदिन पैसे की मांग को लेकर मां से विवाद करता रहता था। बुधवार को देर शाम वह फिर से पैसे देने के लिए विवाद करने लगा। पैसा न मिलने पर नशे में धुत निरंकार ने मां को चाकू से ताबड़तोड़ वार करके गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था।
गंभीर हालत में पुलिस ने नंदरानी को मेडिकल कॉलेज बहराइच भेजा। वहां अचानक उसकी हालत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि मृतका के देवर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर हत्या के आरोपी बेटे निरंकार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।