जरवल (बहराइच)। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर धनराजपुर मोड़ के निकट बाइक सवार मां-बेटे को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला।
जरवलरोड थाना अंतर्गत जरवल नगर पंचायत के मोहल्ला कटरा निवासी जमीला खातून (40) पत्नी इस्माइल मंसूरी अपने पुत्र लल्लन के साथ बाइक से आदमपुर गांव में रिश्तेदारी में गई थी।
गुरुवार देर शाम रिश्तेदारी में हाल जानने के बाद दोनों बाइक से घर आ रहे थे। तभी लखनऊ-बहराइच मार्ग पर धनराजपुर मोड़ के निकट बहराइच से लखनऊ जा रही रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही जमीला की मौत हो गई, जबकि पुत्र लल्लन गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद रोडवेज बस चालक वाहन समेत फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना पाकर पुलिस पहुंची। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।