छावनी चौराहे पर मोबाइल टावर गिरने के बाद पड़ा मलबा व दबीं बाइकें। -संवाद
बहराइच। तराई में शनिवार देर शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी, बिजली की चमक व गरज के साथ हुई बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई। इसी दौरान शहर के छावनी बाजार में एक मोबाइल टावर भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दो मकान और चार बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छावनी चौराहे के पास निर्भय अरोड़ा की बिल्डिंग पर लगा मोबाइल टावर तेज आवाज के साथ गिर पड़ा। उसकी चपेट में पास की इमारत, एक धर्मस्थल और बाइकें आ गईं। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर दरगाह और कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
उधर, आंधी और बारिश से किसानों को भी भारी नुकसान हुआ है। खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल उड़ने और भीगने से खराब हो गई। किसान राम आशीष समेत कई किसानों ने बड़े नुकसान की बात कही है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. पीएल त्रिपाठी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बदला है। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 19 डिग्री रहा, जबकि हवा 48 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
-
कटी हुई फसल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं
वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसबी सिंह ने किसानों को मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कटी हुई फसल को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं और यदि संभव हो तो तिरपाल से अच्छी तरह ढक दें, ताकि बारिश से नुकसान न हो। उन्होंने बताया कि जिन किसानों की फसल अभी खड़ी है, वे मौसम साफ होने तक कटाई से बचें। तेज हवा और बारिश के दौरान खेत में काम करने से भी बचना चाहिए। डॉ. सिंह ने यह भी कहा कि अनाज को खुले में न छोड़ें और भंडारण से पहले उसे अच्छी तरह सुखा लें, ताकि गुणवत्ता बनी रहे और नुकसान कम हो।