अमर उजाला के कार्यक्रम में जुटे युवा
- फोटो : अमर उजाला
तराई के छात्र, शिक्षक और युवा पॉजिटिव सोच वाले नुमाइंदे की जरूरत बता रहे हैं। ईमानदार व पढ़े-लिखे होने के साथ ही उसकी छवि साफ सुथरी होनी चाहिए। अमर उजाला सरोकार कार्यक्रम के तहत मंगलवार को सैनिक इंटर कॉलेज में जब कैंपस अड्डा में परिचर्चा हुई तो सभी ने दो टूक कहा कि हमारा रहनुमा स्वच्छ, ईमानदार छवि का होने के साथ ही पढ़ा-लिखा हो। ऐसा व्यक्ति विधायक बने जो सदन में लोगों की समस्याओं को रख सके। तराई को पिछड़ेपन से मुक्ति दिला सके। साथ ही रोजगार के संसाधनों का सृजन कर सके।
शहर के सैनिक इंटर कॉलेज के सभागार में कैंपस अड्डा में शामिल छात्रों, युवाओं और शिक्षकों को जब कुरेदा गया कि हमारा नेता कैसा हो तो सभी ने बेबाकी से अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। जनप्रतिनिधियों से मिली उपेक्षा की पीड़ा सभी के चेहरों पर झलक रही थी।
अधिकतर ने कहा कि बेरोजगारों की फौज है, लेकिन पॉजिटिव सोच वाला नेता नहीं है। ऐसे में जिले में रोजगार का सृजन करने वाले नुमाइंदे की जरूरत है। हमारा जनप्रतिनिधि ऐसा होना चाहिए जो अंगूठा टेक न हो, बेरोजगारों की भावनाओं को समझे और उन्हें धरातल पर ला सके। सभी ने कहा कि बेदाग, ईमानदार और स्वच्छ छवि का ही रहनुमा चुनना होगा। तभी बहराइच का विकास संभव हो सकेगा।