बहराइच के दरगाह रोड पर मदरसे में अल्पसंख्यक अधिकार दिवस पर कार्यक्रम में छात्रा को सम्मानित करत?
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। अल्पसंख्यक वर्ग के लोग अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति सजग हों। जिससे उनके बच्चे शिक्षित होकर देश व समाज के विकास में अपना योगदान दें। यह बातें अल्पसंख्यक अधिकार दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ज्योति राय ने कही।
अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर मदरसा अलमरकजुल इस्लामी दारुल फिक्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर मजिस्ट्रेट ज्योति राय उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने किया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए राज्य व केंद्र सरकार द्वारा छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है।
विभाग द्वारा गरीब अभिभावकों की पुत्री के विवाह के लिए भी 20 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री के 15 सूत्रीय कार्यक्रम अंतर्गत शिक्षा के अवसरों को बढ़ावा देना, आर्थिक कार्यकलापों व रोजगारों में समुचित हिस्सेदारी दी जा रही है। इस अवसर पर डॉ. शहनवाज आदि मौजूद रहे।
उधर मिहींपुरवा कस्बे के मदरसा गौसिया में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अजीमुल्ला खां ने बच्चों को भविष्य का कर्णधार बताते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य इसरार अहमद इदरीसी ने अल्पसंख्यकों के शैक्षिक उन्नयन, विकास एवं उत्थान के लिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में शाकिर अली, अली अहमद खां, हाजी जुबेर अहमद, इरम जहां, आफरीन, हलीमा बेगम आदि मौजूद रहीं।