बहराइच। दहेज में दो लाख रुपये, बाइक व जेवरात न मिलने पर विवाहिता को मारकर लटका दिया गया। पिता को सूचना मिली तो सपरिवार बेटी की ससुराल पहुंचे। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव पीएम के लिए भेज दिया। पिता की ओर से पति, सास व ससुर के विरुद्ध हरदी थाने में दहेज हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला हरदी थाना क्षेत्र के कोढ़वा गांव का है। जहां थाना खैरीघाट अंतर्गत बदुआपुर थैलिया निवासी मस्तराम पुत्र कामता प्रसाद ने अपनी पुत्री रिक्पी की शादी बीती तीन मई को कोढ़वा निवासी सुधीर पुत्र सुरेश के साथ की थी।
पिता कामता प्रसाद का कहना है कि शादी में दान, दहेज भी दिया था। पर पति व सास, ससुर बेटी से दहेज में दो लाख रुपये, मोटरसाइकिल व जेवरात मांग रहे थे। जिसके चलते उसको प्रताड़ित किया जाता था। बेटी यह बात बताती थी।
गुरुवार को सुबह उसे गांव वालों से सूचना मिली कि उसकी बेटी की मौत हो गई है। जब वह बेटी की ससुराल पहुंचा तो उसका शव लटका देखा। पिता का आरोप है कि उसकी बेटी रिक्पी को पति, सास, ससुर ने दहेज के लिए मारकर लटका दिया है।
इस मामले में पिता की ओर से पति सुधीर, ससुर सुरेश व सास के विरुद्ध थाना हरदी में दहेज हत्या की तहरीर दी गई है। पुलिस ने शव पीएम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी हरदी शिवानंद यादव ने बताया कि पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।