यूपी के बहराइच में शनिवार की आधी रात आदमखोर तेंदुआ मां की गोद से छीनकर मासूम को निवाला बना लिया। महिला अपने ननद के घर मांगलिक कार्यक्रम में आई थी। घटना के बाद खुशियों वाले घर में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने घटना की जानकारी ली।
घटना सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग के बनकटवा रेंज अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत नेवलगंज के मजरे रेहारपुरवा झौहना गांव की है। बच्चे की मां चनावती ने बताया कि वह हरैया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरहवा के मजरे गुरदास पुरवा की रहने वाली है। यहां अपने नंदोई भगवंत राम की लड़की के गौना में शामिल होने आई थी।
डेढ़ वर्षीय बालक को उठा ले गया आदमखोर
बताया कि शनिवार की रात करीब 2 बजे वह अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र रोहित के साथ घर में लेटी थी। अचानक तेंदुआ घर में घुस आया। गोद में सो रहे मासूम को उठाकर भागने लगा। साथ में लेटी अन्य महिलाओं को लेकर हम लोगों ने पीछा किया, तब तक वह बच्चे को लेकर भाग गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना 112 पर फोन करके पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बच्चे की तलाश शुरू की। काफी देर बाद गांव के पश्चिम तरफ करीब 150 मीटर दूर मासूम का शव मिला। ग्रामीण प्रेम बहादुर, भगवंतराम, विश्राम, बड़का, सीतापति, रामकुंवरि, मीरा व अलखराम ने बताया कि गांव के आसपास आए दिन तेंदुआ व बाघ दिखाई देता है।
पुलिस और वन विभाग की टीम ने ली जानकारी
तेंदुआ व बाघ दिखने से हमेशा मौत का डर सताता रहता है। घटना की सूचना पुलिस व वन विभाग को दी गई है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि गांव में बिजली का खंभा तो लगा है, लेकिन बिजली नहीं रहती है। अगर, बिजली होती तो शायद बच्चे के साथ यह घटना न होती। घटना की सूचना पर रविवार की सुबह एसडीओ मनोज कुमार के साथ वन विभाग की टीम गांव पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी ली।
रेंजर शत्रोहन लाल ने बताया कि मासूम को किसी जंगली जानवर ने मारा है। हालांकि, अभी तक जंगली जानवर का पग चिन्ह नहीं मिला है। बच्चे को किस जंगली जानवर ने मारा है, इसकी जांच की जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने का सुझाव दिया गया है।