बहराइच। नेपाल में रह रहे रिश्तेदारों को बौंडी निवासी एक युवक ने खुद को भारत सरकार के गृह मंत्रालय का असिस्टेंट सेक्रेटरी बताकर यूके में नौकरी दिलाने के नाम पर 36 लाख रुपये ठग लिए। बौंडी आए नेपाल के रिश्तेदारों ने अपने रुपये मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा। पीड़ित रिश्तेदारों ने थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया है।
आरोपी आशीष कुमार निषाद ने खुद को मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स में कार्यरत अधिकारी बताकर नेपाल के बांके जिले के वेतहनी निवासी अपने रिश्तेदार विनोद कुमार गोड़िया और उनके साथियों से कहा था कि वह उन्हें यूनाइटेड किंगडम में नौकरी दिलवा सकता है। उसने फर्जी व कूटरचित तरीके से दस्तावेज व वीजा बनवाकर विश्वास दिलाया और धीरे-धीरे 36 लाख रुपये हड़प लिए।
पीड़ित विनोद ने बताया कि जब उसने पासपोर्ट का उपयोग नेपाल में एक जगह करना चाहा तो पता चला कि वह फर्जी है। इस पर विनोद को अपने साथ हुई ठगी का शक हुआ और उसने रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपी ने तरह-तरह के बहाने बनाकर रुपये देने में टाल-मटोल शुरू कर दी। जब धैर्य जवाब दे गया, तो सोमवार को विनोद कुमार गोड़िया ने थाना बौंडी में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
थानाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ मौर्य ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने अपने को फर्जी अधिकारी बन कर लोगों से ठगी करने की बात स्वीकार की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है।