महसी/रुपईडीहा (बहराइच)। कैसरगंज तहसील में कार्यरत कर्मचारी सोमवार को आई रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव निकला है। कर्मचारी महसी तहसील का निवासी है। ऐसे में गांव को हॉटस्पॉट बनाने के लिए अधिकारियों के दिशा निर्देश का इंतजार है। वहीं केवलपुर के माल गोदाम रोड और नकहा गांव को प्रशासन की ओर से हॉटस्पॉट बना दिया गया है। नकहा संक्रमित के संपर्क में आए 24 लोगों का सैंपल भी जांच के लिए भेजा गया है। दोनों गांवों की लगभग दो हजार आबादी 14 दिनों तक घरों में कैद रहेगी। पुलिस की ड्यूटी लगाकर चारो तरफ से बैरिकेडिंग लगा दी गई है।
महसी तहसील के शंकरपुर बभनौटी शंकरपुर निवासी युवक कैसरगंज तहसील में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। सोमवार देर शाम लखनऊ के राम मनोहर लोहिया संस्थान से भेजी गई रिपोर्ट में कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिला है। कर्मचारी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपजिलाधिकारी महेश कुमार कैथल ने बताया कि कर्मचारी के कमरे को सैनिटाइज कराया गया है। तहसीलदार महसी राजेश कुमार वर्मा का कहना है कि अभी गांव को हॉटस्पॉट बनाने के निर्देश नहीं मिले हैं। क्योंकि युवक तहसील में कार्य करने के दौरान पॉजिटिव मिला है। हालांकि तहसील और पुलिस की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है।
उधर, शिवपुर विकास खंड के नकहा गांव निवासी एक 42 वर्षीय युवक भी लखनऊ से जारी रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव मिला है। उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहसीलदार राजेश वर्मा का कहना है कि गांव में चारो तरफ से बेरिकेडिंग लगाकर हॉटस्पॉट बना दिया गया है। उन्होंने बताया कि 24 लोगों का सैंपल भी जांच के लिए भेजा गया है। कर्मचारियों को घर-घर सामान पहुंचाने के लिए नामित किया गया है। पुलिस सुरक्षा में तैनात कर दी गई है।
तहसीलदार ने बताया कि 110 परिवारों के 700 लोग 14 दिनों तक घरों में कैद रहेंगे। उधर, रुपईडीहा के मालगोदाम रोड निवासी महिला लखनऊ में इलाज के दौरान कोरोना संक्रमित मिली है। महिला अपने घर पहुंच गई। मंगलवार को महिला को एंबुलेंस की सहायता से कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मालगोदाम रोड को हॉटस्पॉट बना दिया गया है। ऐसे में लगभग 1300 की आबादी घरों में कैद रहेगी।