बहराइच। नगर पालिका नानपारा के चेयरमैन समेत सात व्यक्ति मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। चेयरमैन का लखनऊ के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। छह अन्य लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें दो जिला कारागार के बंदी भी हैं।
कोरोना वायरस का संक्रमण जिले में लगातार फैल रहा है। कोरोना की चपेट में आए दिन लोग आ रहे हैं। नगरपालिका नानपारा के चेयरमैन को करीब आठ दिन पूर्व तबीयत खराब होने पर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. चंद्रभान ने लखनऊ दिखाने की सलाह दी थी। लखनऊ के चंदन अस्पताल में पहले उनकी कोरोना जांच हुई। जिसमें उनके पॉजिटिव होने की पुष्टि मंगलवार देर शाम हुई।
इसी तरह से जिला कारागार में भी 70 साल और 62 साल के दो बंदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कोरोना के नोडल चिकित्सक डॉ. अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के मोहल्ला काजीपुरा निवासी एक महिला भी कोरोना पॉजिटिव निकली है।
इसी तरह से हुजूरपुर, रिसिया और नवाबगंज के भी एक-एक लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए छह लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि चेयरमैन नानपारा का इलाज लखनऊ में ही चल रहा है।