फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: दोहरी डिग्री प्रणाली लागू करेगा मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय

Sun, 15 Jun 2025 03:43 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
बहराइच के केडीसी में प्रेसवार्ता करते कुलपति प्रोफेसर रवि शंकर, कुल सचिव परमानंद सिंह, सचिव मेज
विज्ञापन
बहराइच। मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय बलरामपुर के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में अब धर्म, संस्कृति और भाषा को पाठ्यक्रम में जोड़ा जाएगा। इसके तहत संस्कृत, तमिल, उड़िया, कन्नड, बंगला और नेपाली भाषा की पढ़ाई कराई जाएगी। साथ ही कहा कि विश्वविद्यालय दोहरी डिग्री प्रणाली को लागू करेगा।
विज्ञापन

कुलपति प्रो. रविशंकर शनिवार को बहराइच के किसान पीजी कॉलेज के प्रशासनिक भवन में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे। पत्रकारों के सवाल पर कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से शोध कार्य के लिए प्रवेश परीक्षा कराई जा रही है। यह विश्वविद्यालय की अभिनव पहल है। इसके साथ ही दोहरे पाठ्यक्रम का प्रयोग भी विश्वविद्यालय की ओर से किया जा रहा है। इसके तहत विद्यार्थी एक पाठ्यक्रम कैंपस में और एक ऑनलाइन कर सकता है। कुलपति ने कहा कि केडीसी के प्राचार्य को विश्वविद्यालय की नियमावली निर्धारण समिति का सदस्य बनाया गया है।
तो इसलिए विवि की समितियों में नहीं केडीसी का प्रतिनिधित्व
विश्वविद्यालय की विभिन्न समितियों में किसान पीजी कॉलेज के शिक्षकों का प्रतिनिधित्व नहीं है। इस सवाल पर कुलपति ने कहा कि इस कॉलेज के ऑटोनॉमस होने के कारण यहां विभिन्न समितियां सक्रिय रहती हैं। इसमें महाविद्यालय के शिक्षक होते हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय उन्हें अपनी समितियों में नहीं रखता। उन्होंने कहा कि किसान पीजी कॉलेज के प्रति उनके मन में कोई दुर्भावना नहीं है।
विज्ञापन

देवीपाटन मंडल में हैं 171 महाविद्यालय
कुलपति प्रो. रविशंकर ने कहा कि मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय की शिक्षण व परीक्षा प्रणाली पूरी तरह से पारदर्शी और गुणवत्तायुक्त होगी। इसके लिए वह लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवीपाटन मंडल के 171 महाविद्यालय मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय से संबद्ध हुए हैं। इनमें बहराइच के किसान पीजी कॉलेज समेत 45 महाविद्यालय शामिल हैं। अवैध नियुक्तियों और अन्य शिकायतों के निस्तारण संबंधी प्रश्न पर कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में शिकायत प्रकोष्ठ है। जिसे किसी भी प्रकार की शिकायत हो, वह इस प्रकोष्ठ में अपनी बात कह सकता है। जांच के आधार पर शिकायत का निस्तारण कराया जाएगा।
शिक्षा के लिए पलायन न करें युवा
देवीपाटन मंडल के युवा शिक्षा के लिए बाहर पलायन करते हैं। इस पर कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालयों को अपनी शोध व्यवस्था में सुधार करना होगा। फिलहाल मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय देवीपाटन मंडल के युवाओं से आह्वान करता है कि वह स्नातक कक्षाओं में इस विश्वविद्यालय में प्रवेश लें। उन्हें बेहतर शिक्षा दी जाएगी और देश व समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनाया जाएगा।
समर्थ पोर्टल का उपयोग करें प्राचार्य

मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने कॉलेज के कमेटी हॉल में जिले के प्राचार्यों की बैठक को भी संबोधित किया। बैठक में कुलपति ने समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया अपनाने से लेकर अन्य महाविद्यालयीय कार्य अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षण प्रणाली भी यूजीसी तथा उच्च शिक्षा विभाग की गाइडलाइन के अनुसार होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों व विद्यार्थियों के डाटा को अपडेट रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव व एसडीएम इकौना परमानंद, किसान पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विनय सक्सेना, प्रो. दिव्यदर्शन तिवारी, डाॅ. देवेंद्र उपाध्याय, रामसुंदर पांडेय, योगेश शुक्ल समेत विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें