गिरजापुरी कॉलोनी में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना पर गश्त करतीं हथिनी। - स्रोत : विभाग
बिछिया। कतर्नियाघाट की सिंचाई कॉलोनी गिरिजापुरी में एक सप्ताह से तेंदुए की लगातार चहलकदमी से लोगों में दहशत बढ़ गई है। तेंदुए के मूवमेंट की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। रेंजर आशीष गौड़ के नेतृत्व में वनकर्मियों ने राजकीय हथिनी जयमाला और चम्पाकली के साथ कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में गश्त कर तेंदुए की तलाश की।
गश्त के दौरान वन दारोगा राधेश्याम, वन रक्षक संतोष और वाचरों की टीम ने कॉलोनी के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। हथिनियों की मदद से झाड़ियों और संभावित ठिकानों की भी जांच की गई। टीम ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि तेंदुआ दिखने पर उसके पास जाने या उसे भगाने का प्रयास न करें।
रेंजर आशीष गौड़ ने बताया कि सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में तेंदुए के मूवमेंट की सूचना के बाद निगरानी बढ़ा दी गई है। कॉलोनी के लोगों को घरों के आसपास बच्चों को अकेले न भेजने और शाम के बाद अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी। साथ ही तेंदुए की मौजूदगी या उसके पदचिह्न दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई। तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।