बिछिया। कतर्नियाघाट रेंज की सदर बीट में घोसियाना वन चौकी के पास रविवार देर शाम तेंदुए ने बाइक सवार ग्रामीण पर झपट्टा मार दिया। गिरिजापुरी से कैलाशनगर स्थित अपने घर जा रहे गीता प्रसाद ने बाइक की रफ्तार बढ़ाकर लगातार हॉर्न बजाया और वहां से निकल गए। इससे उनकी जान बच गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय वन चौकी के पास एक बंदर मौजूद था। आशंका है कि तेंदुआ उसका शिकार करने के लिए घात लगाए बैठा था। उसी दौरान वहां से बाइक लेकर गुजर रहे गीता प्रसाद पर उसने झपट्टा मार दिया। गीता प्रसाद ने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक नहीं रोकी और हॉर्न बजाते हुए आगे निकल गए।
कतर्नियाघाट रेंज के रेंजर आशीष गौड़ ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। आसपास के ग्रामीणों को जागरूक किया गया है। वन विभाग की टीम को भी अलर्ट रखा गया है।