रिसिया। जोकहा सलारपुर में रविवार दोपहर सड़क पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो वह मृत अवस्था में मिली।
क्षेत्र निवासी मायरा (7) घर के सामने खेल रही थी। उसी दौरान वह घर से कुछ दूरी पर पड़े बिजली के तार की चपेट में आ गई। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मायरा के घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तलाश दौरान उसके पिता नफीस को वह मृत अवस्था में मिली।
कटिलिया बैजनाथपुर विद्युत उपकेंद्र के जेई सुनील कुमार ने बताया कि संबंधित विद्युत लाइन उनके उपकेंद्र से नहीं निकली है। वहीं, गांव के प्रशासक आरिफ खान ने बताया कि कुछ दिन पहले 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार टूटकर गिरा था, जिसमें करंट नहीं था।
इसके ऊपर से गुजर रही 440 वोल्ट की लाइन का तार भी टूटकर गिर गया था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। उन्होंने दावा किया कि यह लाइन कटिलिया बैजनाथपुर विद्युत उपकेंद्र से ही निकली है।