कतर्नियाघाट की सुजौली रेंज में सुबह तेंदुए का एक शावक गन्ने के खेत में मृत मिला। सूचना पर पहुंचे वनाधिकारियों ने शावक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सुजौली रेंज क्षेत्र में ग्राम लालमोहरपुरवा के निकट मोहनलाल के गन्ने के खेत में सोमवार सुबह लोगों ने तेंदुए के शावक का शव देखा। उन्होंने सूचना रेंज कार्यालय को दी गई।
वन क्षेत्राधिकारी सतीश वर्मा, कतर्नियाघाट रेंज के रेंजर गयादीन टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वनाधिकारियों ने शावक के शव को ले जाकर सुजौली रेंज कार्यालय पर तीन डॉक्टरों के पैनल ने सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम किया।
पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. एसके सक्सेना, मिहींपुरवा के चिकित्सक केएन कटियार व सुजौली के डॉ. बीके राय का कहना था कि ठंड के चलते शावक की मौत हुई है। चिकित्सकों के मुताबिक मृतक मादा शावक की उम्र लगभग दो वर्ष थी।
डीएफओ जीपी सिंह का कहना है कि ढाई वर्ष तक शावक मादा के साथ रहते हैं।शायद शावक भटक कर गन्ने के खेत में पहुंच गया। ठंड सहन नहीं कर पाने के चलते दम तोड़ दिया। शव पूरी तरह अकड़ा हुआ था।