फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: मच्छरदानी में मां के साथ सो रही बालिका पर तेंदुए का हमला

Wed, 18 Nov 2026 12:34 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
 सुजौली के ईदगाह पुरवा गांव में तेंदुए के हमले में घायल दिव्या का मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज।
विज्ञापन
बिछिया। बेटी की चीख सुनकर मां की नींद खुली तो सामने तेंदुए को देखकर वह कुछ पल के लिए सन्न रह गई। तेंदुए ने सात वर्षीय दिव्या को जबड़े में दबोच रखा था और उसे खींचकर ले जाने की कोशिश कर रहा था। मां बिंद्रावती ने हिम्मत जुटाई और तेंदुए से भिड़कर बेटी को अपनी ओर खींचने लगी। करीब पांच मिनट तक चले संघर्ष के बाद परिजन और आसपास के लोग शोर मचाते हुए पहुंचे तो तेंदुआ बालिका को छोड़कर दीवार फांदकर भाग गया। हमले में दिव्या के गले पर गंभीर जख्म हुए हैं। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन



घटना मंगलवार रात करीब तीन बजे कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज स्थित ईदगाह पुरवा गांव में हुई। राजेश की सात वर्षीय बेटी दिव्या अपनी मां बिंद्रावती के साथ घर के बरामदे में चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो रही थी। इसी दौरान दीवार फांदकर घर में घुसे तेंदुए ने मच्छरदानी के ऊपर से ही बालिका पर हमला कर उसे जबड़े में दबोच लिया। इसके बाद वह दिव्या को खींचकर ले जाने लगा।


बेटी की चीख सुनकर मां की नींद खुली। चारपाई से करीब दस मीटर दूर तेंदुए के जबड़े में बेटी को फंसा देखकर वह पहले तो घबरा गईं, लेकिन अगले ही पल तेंदुए से भिड़ गईं। वह शोर मचाते हुए बेटी को अपनी ओर खींचने लगीं। बिंद्रावती के मुताबिक करीब पांच मिनट तक वह तेंदुए से संघर्ष करती रहीं। इस बीच शोर सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण भी पहुंच गए। लोगों के जुटने पर तेंदुआ दिव्या को छोड़कर भाग गया।
विज्ञापन



परिजन घायल दिव्या को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली ले गए। वहां से उसे सीएचसी मोतीपुर रेफर किया गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मेडिकल कॉलेज में बेटी के पास मौजूद मां बिंद्रावती ने बताया कि जब उन्हों तेंदुए को बेटी का गला दबोचे देखा तो पहले रोना आ गया, लेकिन बेटी को बचाने के लिए वह बिना कुछ सोचे तेंदुए से भिड़ गईं। उनके लिए संघर्ष के वे पांच मिनट किसी युग से कम नहीं थे।


ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से गांव के आसपास तेंदुए की चहलकदमी देखी जा रही थी। सूचना पर सुजौली रेंज के रेंजर नीरज श्रीवास्तव, वन दरोगा अनिल पटेल मौके पर पहुंचे। डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हमले की पुष्टि की। पीड़ित परिवार को तत्काल पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। उन्होंने जिला अस्पताल के सीएमएस से फोन पर बात कर बालिका के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।






तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में लगाया पिंजरा

डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि सुजौली क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिछले कुछ दिनों से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए पिंजरा लगाया गया है और जरूरत के अनुसार उसकी स्थिति में बदलाव भी किया जा रहा है। मंगलवार की घटना के बाद पिंजरे को हमले वाले स्थान के बेहद करीब स्थापित कर दिया गया है। वन विभाग की टीमें निगरानी कर रही हैं। ग्रामीणों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की गई है।
विज्ञापन





2026 में कतर्नियाघाट क्षेत्र में तेंदुए के हमले

14 नवंबर : चकिया रेंज के उचवा बालापुर गांव में एक ही रात तेंदुए के हमले में चार बच्चे घायल।

13 नवंबर : मुर्तिहा रेंज के लोनियनपुरवा गांव में शिवांगी (7) तेंदुए के हमले में घायल।

11 नवंबर : कतर्नियाघाट रेंज के कुरकुरी कुआं गांव में नहर किनारे तेंदुए ने बकरी का शिकार किया।

10 नवंबर : कतर्नियाघाट रेंज के नारायण टांडा गांव में शाम करीब छह बजे तेंदुए ने युवक पर हमला कर घायल किया।

5 नवंबर : निशानगाड़ा रेंज के भट्ठापुरवा बरगदहा गांव में घर के बाहर मौजूद छह वर्षीय रागिनी पर तेंदुए का हमला, मौत।

3 नवंबर : घर के आंगन में खेल रही चार वर्षीय आरुषी पर तेंदुए का हमला, घायल।

31 अक्तूबर : मोतीपुर क्षेत्र में गन्ने के खेत में काम कर रहे किसान केन्नू पर तेंदुए का हमला, घायल।

12 अक्तूबर : मुर्तिहा रेंज के मझरा गांव में घर के पीछे खड़े आठ वर्षीय रोहित यादव को तेंदुए ने मार डाला।

24 सितंबर : सुजौली में खेत में काम कर रही 35 वर्षीय ममता पर तेंदुए का हमला, मौत।

18 सितंबर : सुजौली रेंज के सीताराम पुरवा में घर के आंगन में मौजूद 86 वर्षीय फूलमती पर तेंदुए का हमला।

7 सितंबर : कतर्नियाघाट रेंज के आनंदनगर में रात करीब नौ बजे हैंडपंप से पानी लेने गए नौ वर्षीय राजवीर को तेंदुए ने मार डाला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें