मिहींपुरवा (बहराइच)। कोतवाली थाना क्षेत्र मुर्तिहा के ग्राम हरखापुर निवासी एक किसान खेत में लौकी तोड़ने गया था। पहले से खेत में मौजूद तेंदुए ने हमला कर किसान को लहूलुहान कर दिया। खेत में काम कर रहे परिजनों ने हांका लगाकर किसी तरह तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया और सीएचसी मोतीपुर ले गए। हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि किसान के मां व पिता ने तेंदुए से भिड़कर उसे बचाने की कोशिश की।
कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के धर्मापुर वन रेंज के बीट संख्या 16 के तहत ग्राम हरखापुर के एक खेत में बृहस्पतिवार की शाम लौकी तोड़ रहे किसान मधुसूदन (40) निवासी ग्राम हरखापुर पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इस दौरान खेत में काम कर रहीं किसान की मां श्रीमती व पिता राम कुमार बेटे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गए। इस पर तेंदुआ गन्ने के खेत की ओर भाग गया।
हमले में मधुसूदन गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन परिजन तेंदुए के हमले की सूचना वन विभाग को देते हुए मधुसूदन को सीएचसी मोतीपुर ले गए। वहां घायल मधुसूदन का प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया।
सूचना पर पहुंचे वन विभाग के धर्मापुर वन क्षेत्राधिकारी रत्नेश कुमार ने घायल के परिजनों को पांच हजार की सहायता दिलाई।