बहराइच। युवतियों व महिलाओं के लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए शुक्रवार को सिविल लाइन स्थित अमर उजाला कार्यालय में विशेष शिविर का आयोजन होगा। इसमें हिस्सेदारी कर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकीं युवतियां व अन्य महिलाएं बिना किसी परेशानी के अपना लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनवा सकती हैं।
यह शिविर सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक संचालित होगा। इसमें केवल महिलाओं और युवतियों के लाइसेंस बनाए जाएंगे। शिविर में एआरटीओ प्रशासन/प्रवर्तन ओपी सिंह की अगुवाई में मौजूद परिवहन विभाग की टीम लाइसेंस बनवाने में आवेदकों की मदद करेगी।
यह है प्रक्रिया सहायक
एआरटीओ ओपी सिंह ने बताया कि लर्निंग लाइसेंस बनवाने के बाद ही परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस बनता है। परमानेंट डीएल के लिए लर्निंग डीएल बनने के एक माह से लेकर छह माह तक की अवधि में आवेदन करना होता है। स्थायी डीएल की यह प्रक्रिया आवेदक को एआरटीओ दफ्तर आकर पूरी करनी होगी।
लर्नर लाइसेंस के लिए ये दस्तावेज लाना होगा जरूरी
लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदक को अपने आधार कार्ड के साथ इससे लिंक मोबाइल नंबर साथ लेकर आना होगा। लर्नर डीएल बनवाने की सरकारी फीस 350 रुपये है, जो मौके पर ही ऑनलाइन जमा करनी होगी।