कोतवाली मुर्तिहा क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा 11 की छात्रा घर के सामने कार्य कर रही थी। तभी गांव के ही पांच लोग बोलेरो से आए और छात्रा को असलहे से डराकर अगवा कर ले गए। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कई जगह दबिश भी दी गई, लेकिन किशोरी का सुराग नहीं लग सका है।
कोतवाली मुर्तिहा क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी क्षेत्र में स्थित डॉ. आरएमएल इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा है। दो दिन पूर्व छात्रा घर के सामने बर्तन साफ कर रही थी। इसी दौरान गांव निवासी शोभित कुमार, राजेश, रोहित, अशोक और शोभित के रिश्तेदार लल्लू बोलेरो से घर के सामने आ धमके और कट्टे से धमकाकर बर्तन साफ कर रही छात्रा को वाहन में बिठाकर भाग गए।
काफी देर बाद परिवारीजनों को मामले की जानकारी हुई तो सभी सकते में आ गए। परिवारीजन आरोपियों के घर पहुंचे तो वहां पर छात्रा के बारे में पता नहीं चल सका। इस पर परिचितों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की, लेकिन सुराग न लगने पर परिवारीजनों ने शुक्रवार सुबह कोतवाली मुर्तिहा में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव ने छात्रा के पिता की तहरीर पर गांव के तीन लोगों को नामजद करते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि आरोपियों के ठिकानों पर कई जगह छापेमारी की गई है, लेकिन उनका पता नहीं चल सका है। लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि सभी छात्रा को लेकर लखीमपुर की ओर भागे हैं। लखीमपुर पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है। वहीं, अपहृत छात्रा के माता-पिता किसी अनहोनी की घटना से सशंकित हैं। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही छात्रा को तलाश किया जाएगा।