बहराइच। दरगाह शरीफ थाना के बंजारन टौला घुसियाना निवासी तीन वर्षीय बालक को रविवार की रात सड़क पार करते समय ई रिक्शा टक्कर मारते हुए पलट गया। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर आई पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
बंजारन टौला घुसियाना निवासी बबलू का तीन वर्षीय बेटा एहसान घर के पास सड़क पार कर रहा था। मृतक के ताऊ पप्पू के मुताबिक इसी दौरान ई रिक्शा टक्कर मारते हुए उसी के ऊपर पलट गया जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे जहां मौत हो गई। केजी कक्षा में पढ़ता था। तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा और घर का लाडला था। पिता फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते है। मौत से मां शमां समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दरगाह शरीफ अपराध निरीक्षक चंद्रेश के अनुसार पिता की तहरीर पर चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।