बहराइच। शहर के मोहल्ला नौवागढ़ी, पुलिस लाइन परेड ग्राउंड के पास लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में जिम्मेदारों की लापरवाही खुलकर सामने आई है। शुक्रवार को निर्माण के दौरान जेसीबी मशीन की चपेट में आने से एक मकान की नींव हिलने के साथ ही एक तरफ की दीवार गिरने से पूरा घर खतरे की जद में आ गया है।
पीड़ित विजय कुमार श्रीवास्तव व संजय कुमार समेत अन्य स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को सौंपे शिकायती पत्र में दोषियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उनका आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान बिना पर्याप्त सावधानी के जेसीबी चलाई गई, जिससे उनके मकान की दीवार ढह गई।
मकान मालिकों का कहना है कि इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है और अब उनका घर भी पूरी तरह असुरक्षित हो गया है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई, तो पूरा मकान गिरने से बड़ा हादसा भी हो सकता है।