बाबागंज। सशस्त्र सीमा बल की 59वीं वाहिनी ने शनिवार को अगैया स्थित मुख्यालय पर क्षय रोग (टीबी) मुक्त भारत अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम कमांडेंट कैलाश चंद रमोला के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता द्वितीय कमान अधिकारी चिकित्सा डॉ. ए लिन्गय्या ने की।
कार्यक्रम में डॉ. लिन्गय्या ने जवानों को टीबी के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। लगातार खांसी आना, बुखार रहना और वजन कम होना टीबी के मुख्य लक्षण हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और नियमित इलाज से इस बीमारी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने पौष्टिक भोजन लेने पर जोर दिया, ताकि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत बनी रहे।
कार्यक्रम के अंत में जवानों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। सभी ने मिलकर देश को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया।