बहराइच। पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत श्रीवास्तव की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में एसपी ने पुलिस अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण करने के निर्देश दिए।
एसपी ने थाना प्रभारियों को गश्त बढ़ाने, चेकिंग अभियान चलाने और संवेदनशील इलाकों की निगरानी के निर्देश दिए गए। चोरी, लूट, धोखाधड़ी और साइबर अपराधों में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा। सीमावर्ती थानाध्यक्षों को भारत-नेपाल सीमा पर अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने महिला सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और अराजक तत्वों पर लगाम कसने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने पुलिस का विश्वास बढ़ाने के लिए बीट व्यवस्था और जनसुनवाई को और प्रभावी बनाने की बात कही। बैठक में एएसपी नगर अशोक सिंह, एएसपी ग्रामीण डीपी तिवारी और प्रतिसार निरीक्षक भुवनेश्वर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।