रुपईडीहा थाना परिसर में गुरुवार को इंडो-नेपाल के पुलिसकर्मियों की बैठक हुई। इस दौरान सहमति बनी कि लोकसभा चुनाव में मतदान से 48 घंटे पूर्व चार मई को सीमा को सील कर दिया जाएगा। लोकसभा चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था के लिए दोनों देशों के पुलिसकर्मी सघन निगरानी करेंगे। मतदान के बाद सीमा पर आवागमन बहाल कर दिया जाएगा।
रुपईडीहा थाना परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक मधुपनाथ मिश्र ने की। बैठक में एसओ ने नेपाल के पुलिसकर्मियों को बताया कि जिले में छह मई को लोकसभा चुनाव को लेकर मतदान होना है। ऐसे में सीमा पर संदिग्ध गतिविधि रोकने के लिए नेपाल के पुलिसकर्मी सहयोग करें। इस पर नेपाल के जमुनहा इलाका प्रहरी के इंचार्ज बसंत कुमार बस्नेत ने चुनाव में पूरी सुरक्षा का आश्वासन देते हुए सहयोग की बात कही।
बैठक में तय किया गया कि छह मई को होने वाले चुनाव के मद्देनजर 48 घंटे पूर्व ही सीमा को सील कर दिया जाएगा। चार मई से बंदी लागू हो जाएगी। इसके बाद छह मई को शाम से सीमा पर आवागमन बहाल कर दिया जाएगा। इस मौके पर नेपाल फोर्स के रवि घिमिरे, सीमा चौकी जैसपुर के उपनिरीक्षक इंद्र कुमार बस्नेत, प्रहरी चौकी साईं गांव सहायक उप निरीक्षक कुलराज खनाल, थाना राधापुर सहायक उप निरीक्षक जंग एमसी समेत थाने के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।