नेपाल के बांके जिला अंतर्गत नेपालगंज शहर में स्थित रंगशाला परिसर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला वॉलीबॉल टूर्नामेंट में गुरुवार को भारतीय रेलवे ग्रुप ए की टीम ने नेपाल आर्म्स पुलिस फोर्स की टीम को 3-0 के सीधे सेटों में हराकर प्रधानमंत्री कप पर कब्जा कर लिया। इस मौके पर विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया।
नेपालगंज के रंगशाला परिसर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच भारतीय रेलवे ग्रुप ए टीम व नेपाल की एपीएफ टीम के बीच खेला गया। बांके जिला वॉलीबाल एसोसिएशन नेपाल की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत और नेपाल की छह टीमें प्रतिभाग कर रही थीं। फाइनल मुकाबले में भारतीय रेलवे ग्रुप ए की टीम ने नेपाल आर्म्स पुलिस फोर्स की टीम को 3-0 के अंतर से पराजित किया।
प्रतियोगिता काफी रोमांचक रही। इस मौके पर बेहतर खेल के प्रदर्शन के लिए भारतीय रेलवे ग्रुप ए की टीम की खिलाड़ी पिरोस्तिमा बापरी, एपीएफ की सरस्वती चौधरी, ऊषा विष्ट और नेविका चौधरी को पुरस्कृत किया गया।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय खेलकूद परिषद नेपाल के कोषाध्यक्ष सुरेंद्र हमाल, सदस्य विनोद मैनाली, शांति सिंह, भारोत्तोलन संघ नेपाल के अध्यक्ष रतन टंडन आदि ने विजेता भारतीय रेलवे ग्रुप ए की टीम को प्रधानमंत्री कप व उप विजेता टीम को भी पुरस्कार प्रदान किया। इस मौके पर नेपाल वॉलीबाल संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एम बहादुर गुरुंग समेत खिलाड़ी और दर्शक मौजूद रहे।