बहराइच मेडिकल कालेज के पीआईसीयू में भर्ती बीमार बच्चे।
बहराइच। मौसम में चल रही उठापटक का बच्चों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में डायरिया के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। 200 से अधिक मरीजों का ओपीडी में स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। जिनमें से गंभीर रोगियों को भर्ती कर लिया गया है।
मेडिकल काॅलेज के बाल रोग विभाग में सुबह आठ बजे से ही मरीजों की भीड़ लगी रही। यहां पर ज्यादातर मरीज डायरिया से ग्रसित थे। चिकित्सकों ने बताया कि मौसम में बदलाव व बाहर की तली-भुनी चीजों के सेवन से बच्चे अधिक बीमार पड़ रहे हैं। प्रतिदिन 200 से 250 मरीजों की ओपीडी हो रही है। इनमें से सामान्य बुखार के मरीजों को दवा लिखकर छुट्टी दी जा रही है, वहीं गंभीर रोगियों को भर्ती किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को बाल रोग विभाग के जनरल वार्ड में 36 मरीज भर्ती रहे। पीआईसीयू में 12 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
पानी उबालकर पीएं
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहम्मद परवेज ने बताया कि मौसम परिवर्तन बीमारियों का मुख्य कारण है। परिजन बच्चों का विशेष ध्यान रखें। वाॅटर सप्लाई के पानी को उबाल कर ही दें और बाहर की खुली व तली-भुनी चीजों को खिलाने से बचें। बच्चों को बासी भोजन न दें। लगातार उल्टी-दस्त होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।