फखरपुर के सौगहन में अस्थायी गौशाला के निरीक्षण के दौरान गौपूजा करते ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद
- फोटो : BAHRAICH
फखरपुर/तेजवापुर। ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह ने अस्थायी गो आश्रय स्थल व अटल उपवन और गजपतिपुर पाइप पेयजल योजना का सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा के साथ निरीक्षण किया। अति कुपोषित परिवार के 10 लोगों को गोवंशों का दान किया। मंत्री ने निर्देश दिया कि तालाब का कायाकल्प कर आदर्श तालाब के रूप में स्थापित कर गोशाला की सुंदरता बढ़ाया जाए।
फखरपुर ब्लॉक के ग्राम सौगहना में अस्थायी गो आश्रय स्थल पर पहुंचकर दोनों मंत्रियों ने गो पूजन किया। इसके बाद अस्थायी गो आश्रय स्थल व परिसर में ही निर्मित मनरेगा उद्यान वाटिका का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गोशाला में पशुओं के लिए चारे-पानी और आवास के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। ग्राम्य विकास मंत्री ने पीडी डीआरडीए व बीडीओ को निर्देश दिया कि वाटिका में सहजन, जामुन व आम जैसे फलदार वृक्ष लगाए जाएं। तालाब का कायाकल्प कर आदर्श तालाब के रूप में स्थापित किया जाए। तालाब का कायाकल्प हो जाने से पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था के साथ-साथ गोशाला की सुंदरता में भी इजाफा होगा। उसके बाद दोनों मंत्री तेजवापुर के ग्राम कटहा में मनरेगा योजनांतर्गत निर्मित अटल उपवन तथा ग्राम गजपतिपुर में पाईप पेयजल परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचे।
मंत्री मोती सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया उपवन में जो भी रिक्त भूमि है, उस पर अधिक से अधिक पौधे रोपित किए जाएं। जलनिगम को निर्देश दिया कि पाइप पेयजल परियोजना को शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार संचालित कर ग्राम के अधिक से अधिक लोगों को पानी का कनेक्शन दिलाया जाए। इस मौके पर सीडीओ कविता मीना, एसडीएम कैसरगंज महेश कुमार कैथल, जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार मिश्र, परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिल कुमार सिंह, उपायुक्त मनरेगा केडी गोस्वामी, सीवीओ डॉ. बलवंत सिंह आदि मौजूद रहे।
उधर, मोतीपुर सिंचाई कॉलोनी परिसर में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को ग्राम्य विकास मंत्री मोती सिंह, सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा व सांसद अक्षयवरलाल गोंड ने चाभी सौंपी।