बहराइच। जिले में डेंगू व मलेरिया के साथ ही जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई), एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस), चिकनगुनिया के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। सीएमओ ने इन बीमारियों से 85 लोगों के पीड़ित होने की पुष्टि की है। सीएमओ ने जिले में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। जिसके जरिए स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर बीमारियों से निपटने के तरीके बताए जा रहे हैं।
मौसम लगातार बदल रहा है। बीते तीन दिनों से कड़ी धूप निकल रही है। उमस भरी गर्मी के कारण दिन में लोग परेशान हो रहे हैं, जबकि रात में मौसम में नमी होने के कारण लोग बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। जिसकी नतीजा है कि मच्छरजनित बीमारियां तेजी से पैर पसार रही हैं। जिले में डेंगू व मलेरिया के साथ ही दिमागी बुखार भी फैल रहा है।
बीमारियों की जांच के लिए पर्याप्त किट मौजूद
जिला शिक्षा स्वास्थ्य एवं सूचना अधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि वर्तमान में डेंगू के 12, मलेरिया के 32, चिकनगुनिया के 5, एईएसके 24, जेई के 12 और फाइलेरिया के 17 मरीज पाए गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि जब तक एलाइजा जांच में डेंगू की पुष्टि न हो, तब तक मरीज में पॉजिटिव नहीं माना जाता है। यह जांच जिले के मेडिकल काॅलेज में उपलब्ध है। इसके अलावा जिले के सभी 16 सीएचसी पर डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों की जांच किट व पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध हैं।
नारियल के खोल, टायर, टूटे बर्तन आदि में पनपते हैं मच्छर : सीएमओ
सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि मच्छरजनित बीमारियां जैसे डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया, फाइलेरिया, दिमागी बुखार आदि बीमारियाें से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने बताया कि डेंगू फैलाने वाला मच्छर साफ पानी में पनपता है। इसके काटने से कई संक्रामक बीमारियों का खतरा रहता है। इसलिए घर के अंदर और बाहर किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दें। उन्होंने बताया कि जिले की सभी आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचने के लिए जागरूक कर रही हैं। वे घरों में ठहरे हुए पानी को साफ करवा रही हैं।
मरीजों से खचाखच भरे वार्ड
मेडिकल कॉलेज में इन दिनों भारी भीड़ हो रही है। मंगलवार को दोपहर दवा काउंटर, पर्चा काउंटर, ओपीडी, कैश काउंटर, पैथाेलॉजी में मरीजों व तीमारदारों की लाइन लगी रही। वहीं अस्पताल के वार्ड भी बीमार लोगों से वार्ड खचाखच भरे हैं। मंगलवार को दोपहर तक 40 बेड वाले चिल्ड्रेन वार्ड में 50 व 10 बेड वाले पीआईसीयू वार्ड में 12 बच्चे तथा डेंगू वार्ड में संदिग्ध डेंगू वाले सात मरीज भर्ती थे।
ऐसे करें बचाव-
-हर सप्ताह फ्रिज के पीछे जमा पानी की सफाई करें।
-कूलर, गमले, आदि में एक सप्ताह से जमा पानी को तुरंत बदल दें।
-घर की छतों पर पड़े नारियल के खोल, टायर, टूटे-फूटे बर्तन आदि में भरे पानी को नष्ट कर दें।
-बुखार होने पर स्वयं से दवाएं न लें न ही किसी अप्रशिक्षित व्यक्ति से इलाज कराएं।
-नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से जांच व इलाज कराएं और चिकित्सक की सलाह का पालन करें।
चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से सुरक्षित रखना है। आशा कार्यकर्ता इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से जिले में मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट किया जा रहा है, जिससे आम जनमानस को इन बीमारियों से बचाया जा सके।
-मोनिका रानी, जिलाधिकारी