नवाबगंज में मौसम में बदलाव के बाद आसमान में दिखा इंद्रधनुष।
- फोटो : संवाद
बहराइच। तराई में भीषण गर्मी का सितम लागतार जारी है। सोमवार को भी आग उगलती सूरज की किरणों व गर्म हवाओं से राहत नहीं मिली। दोपहर में चली तेज हवाओं के चलते लोग घरों में दुबके रहे। इस दौरान जिले का अधिकतम तापमान 41.2 दर्ज किया गया। हालांकि शाम के समय मौसम का मिजाज बदला और छह बजे के बाद बादलों की आवाजाही शुरू हुई। इस दौरान चली हवाओं ने लोगों को गर्मी से निजात दिलाई।
कई जगह बारिश के साथ गिरे ओले
जिले में शाम को नानपारा तहसील क्षेत्र, मटेरा, रिसिया समेत कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इस दौरान नानपारा, मटेरा व रिसिया में ओलावृष्टि भी हुई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली। हालांकि शहर क्षेत्र के लोग बारिश का इंतजार करते रहे।
जान जोखिम में डाल नहर में नहाते दिखे बच्चे
जिले में जारी भीषण गर्मी से जनजीवन अस्तव्यस्त है। हर कोई इससे निजात पाने के प्रयास में जुटा है। ऐसा ही एक नजारा बौंडी थाना क्षेत्र के खैरा बाजार स्थित इमामगंज शाखा की इंदिरा नहर में देखने को मिला। जहां युवा गर्मी से निजात के लिए नहाते दिखे। वहीं इस दौरान पानी के तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डाल कर खतरनाक स्टंट भी कर रहे थे।