बहराइच के गेंदघर मैदान में सोमवार को आयोजित समारोह में लाभार्थियों को मकान की चाबी वितरित करते क?
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। कुष्ठ रोग, दैवीय आपदा, जेई, एईएस, कालाजार से प्रभावित तथा वनटांगिया एवं मुसहर वर्ग के आवासीय योजनाओं से वंचित लोगों के लिए शुरू की गई महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत सोमवार को गेंदघर मैदान में चाबी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आवास की चाबी पाकर 793 लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
प्रदेश के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने जिले के विकास खंडों के लाभान्वित 793 लाभार्थियों को आवासों की चाबी सौंपी। मुख्य अतिथि प्रदेश के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने ऐसी योजना प्रारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अभी तक सिर्फ गरीबों की बात हुआ करती थी, लेकिन प्रदेश के मुखिया ने उससे कई कदम आगे बढ़ते हुए कुष्ठ रोग, दैवीय आपदा आदि लोगों को आवास मुहैया कराये जाने के लिए योजना प्रारंभ की है।
उन्होंने बताया कि अब तक जनपद में लगभग 1344 लोगों को लाभान्वित किया जा चुका है। विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री इस बात के लिए दृढ़ संकल्पित हैं कि वर्ष 2022 तक सभी आवासहीनों के सिर पर पक्की छत का साया हो जाय। उन्होंने कहा कि उसी दिशा में प्रदेश के मुखिया की ओर से किया गया यह प्रयास है। जिलाधिकारी शंभु कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत ऐसे व्यक्तियों को लाभान्वित किया जा रहा है जो समाज के अंतिम पायदान पर खडे़ हैं।
उन्होंने कहा कि सभी पात्र लोगों तक योजना का लाभ पहुंचे इस कार्य में खंड विकास अधिकारियों से लेकर ग्राम स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा लाभार्थी चयन में सहयोग प्रदान किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद चौहान ने बताया कि शीघ्र ही सभी पात्र लोगों को योजना से आच्छादित किया जायेगा। इस अवसर पर अन्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से भेजे गये एलईडी वैन के माध्यम से लोक भवन सभागार लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। इस मौके पर बीडीओ फखरपुर तेजवन्त सिंह, जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश सिंह, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, विधायक नानपारा के प्रतिनिधि दिलीप वर्मा आदि मौजूद रहे।