पयागपुर (बहराइच)। इकौना-पयागपुर मार्ग पर खजुरार गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने लकड़ी बीनने गई मासूम को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इकौना-पयागपुर मार्ग पर स्थित पयागपुर थाना क्षेत्र के खजुरार गांव निवासी दद्दन की बेटी सुहाना (5) गुरुवार शाम बाग में लकड़ी बीनने गई थी। वह गांव से बाहर निकल कर मुख्य मार्ग पर पहुंची थी, तभी पयागपुर से इकौना की ओर जा रहे गिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रक ने सुहाना को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा देख लोग कांप उठे। सूचना पाकर इकौना पुलिस और पयागपुर के थानाध्यक्ष मुकेश सिंह मौके पर पहुंचे। चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया था, जिसे पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। मासूम की मौत होने से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। एसओ ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रोटी बनाने की कर गई थी जिद
दोपहर का खाना खाने के बाद मासूम सुहाना ने अपनी मां सावित्री से शाम को रोटी बनाने की जिद की थी। इसी को लेकर वह लकड़ी बीनने बाग जा रही थी। हादसे के बाद इसी बात को सोचकर उसकी मां पछाड़ें खाकर बेहोश हो जा रही थी। यह देख लोगों की आंखों से आंसू छलक उठे।