बहराइच। कोरोना से पीड़ित मिहींपुरवा निवासी एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पीड़ित का इलाज मेडिकल कॉलेज के एल-2 अस्पताल में चल रहा था। उसके शव का अंतिम संस्कार कोरोना प्रोटोकॉल के तहत कराया गया है। उधर, शुक्रवार को जांच में कोरोना से पांच लोग संक्रमित मिले हैं।
जिले में कोरोना महामारी का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। मिहींपुरवा निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग को तीन दिन पूर्व कोरोना पॉजिटिव आने और सांस लेने में तकलीफ पर मेडिकल कॉलेज के एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार देर रात इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। उसका शव कोरोना प्रोटोकाल के तहत एंबुलेंस से पैतृक गांव भेजा गया। यहां चिकित्सक की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया है। सीएमओ ने बताया कि कोरोना संक्रमण की जांच के दौरान शुक्रवार को एक महिला समेत पांच लोग पॉजिटिव मिले हैं। इन सभी लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।