बहराइच। जिले में छह से 13 फरवरी तक तहसील व 22 फरवरी को जिला मुख्यालय पर मेगा सहायता व सेवा शिविर का आयोजन किया गया जाएगा। इस दौरान सरकार विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर लाभार्थियों का पंजीकरण कराएगी।
सीडीओ मुकेश चंद्र ने बताया कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष व वरिष्ठ न्यायमूर्ति व डीएम के निर्देश पर छह फरवरी को चित्तौरा, रिसिया, नगर पालिका परिषद, सात को पयागपुर, नौ को नानपारा, 10 को महसी, 11 को कैसरगंज और 13 फरवरी को तहसील मिहींपुरवा में मेगा सहायता व सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। वहीं, जिला मुख्यालय स्थित उत्थान ऑडिटोरियम में 22 फरवरी को शिविर आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान विकसित भारत जी रामजी योजना, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना, पंचायत राज विभाग, समाज कल्याण, दिव्यांग सशक्तिकरण, पशुपालन व डेयरी उद्योग, महिला एवं बाल विकास, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा, उच्च प्राविधिक शिक्षा, कृषि विभाग समेत अन्य विभागों द्वारा पंडाल लगाकर सरकार की विभिन्न योजनाओं का प्रचार प्रसार कराते हुए चयनित लाथार्थियों को किट व प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। सीडीओ ने बताया कि शिविर में महिला बाल कल्याण विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया जाएगा।