बहराइच। मेडिकल कॉलेज समेत सात केंद्रों पर गुरुवार को टीकाकरण का दूसरा चरण शुरू हुआ। मेडिकल कॉलेज में डीपीएम, डीसीपीएम समेत अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई। जबकि पांच ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अधीक्षक समेत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व आशा बहू ने टीका लगवाया। केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मी वैक्सीनेशन के लिए जोश में पहुंचे। गुरुवार को जिले भर में 1409 स्वास्थ्य कर्मियों के सापेक्ष 1190 को टीका लगाया गया।
जिले के मेडिकल कॉलेज, महिला अस्पताल और पांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में गुरुवार से टीकाकरण शिविर शुरू हुआ। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह 10 बजे से अभियान का शुभारंभ हुआ। वैक्सीनेशन के लिए मेडिकल कॉलेज में डीपीएम सरजू खान, डीसीपीएम मोहम्मद राशिद, कार्यालय सहायक जगदंबा, डाटा मैनेजर अनुग्रह श्रीवास्तव समेत अन्य कर्मचारियों ने टीका लगवाया। रिसिया सीएचसी में अधीक्षक डॉ. अतुल श्रीवास्तव ने टीका लगवाकर अभियान का शुभारंभ किया। महसी में डॉ. प्रवीण कुमार पांडेय, अनूप चौधरी ने टीकाकरण करवाया। मोतीपुर सीएचसी में काफी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहू व एएनएम ने टीका लगवाया। शिवपुर व नवाबगंज सीएचसी में भी कोरोना योद्धाओं ने टीका लगवाया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीपी वर्मा ने बताया कि पहले चरण के छूटे कोरोना योद्धाओं ने भी टीका लगवाया। उन्होंने बताया कि शाम तक टीकाकरण अभियान चला।
अधिकारियों संग आधी आबादी ने लिया हिस्सा
मेडिकल कॉलेज में गुरुवार सुबह 10 बजे वैक्सीनेशन शुरू हुआ। यहां पर डीपीएम सरजू खान, डीसीपीएम मोहम्मद राशिद, कार्यालय सहायक जगदंबा, डाटा मैनेजर अनुग्रह श्रीवास्तव ने वैक्सीन लगवाई। डीपीएम ने कहा कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। सभी लोग वैक्सीन लगवाएं। अफवाह में न पड़े। महसी में चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण पांडेय व अनूप चौधरी ने टीका लगवाकर शुभारंभ किया।
डॉ. प्रवीण ने टीका लगवाने के बाद कहा कि इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं है। मोतीपुर सीएचसी में आधी आबादी ने बढ़कर हिस्सा लिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुराग वर्मा ने बताया कि सुबह नौ बजे से ही टीकाकरण शुरू हो गया। जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहू व स्टाफ नर्स ने टीका लगवाया। गिरगिट्टी निवासी कार्यकर्ता सुशीला देवी, गूढ़ निवासी पोलकेसरी, रायबोझा निवासी कुसुम देवी, मटेही निवासी मधु गुप्ता व सुनीता देवी ने टीका लगवाया। जबकि मुन्नीदेवी, रचना, प्रियंका, निर्मला, राधा पाल और ऊषा देवी ने टीकाकरण कराते हुए सभी को प्रेरित किया।