बहराइच। आयुर्वेदिक व यूनानी अस्पताल नगर समेत 12 अस्पतालों को आयुष वेलनेस सेंटर बनाया जाएगा। इसके लिए अस्पतालों का चयन कर वहां के चिकित्सकों को जानकारी दी गई है। प्रत्येक अस्पताल में हर्बल वाटिका की भी स्थापना होगी। वाटिका में मौजूद खरपतवार से घरेलू इलाज के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। ग्रामीण आबादी को स्वस्थ रहने के तरीके सुझाने के लिए पुरुष व महिला योग प्रशिक्षक की तैनाती भी होगी।
जिले के लोगों को हेल्थ वेलनेस सेंटर की तरह आयुर्वेद वेलनेस सेंटर में भी बेहतर इलाज मिल सकेगा। इसके लिए शासन ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक व यूनानी अधिकारी को पत्र भेजकर अस्पतालों को आयुष वेलनेस सेंटर बनाने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक व यूनानी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि नगर के आयुर्वेदिक अस्पताल समेत 12 अस्पतालों का चयन आयुष वेलनेस सेंटर के लिए किया गया है। डॉ. राजीव ने बताया कि आयुष वेलनेस सेंटर में ग्रामीण आबादी को औषधीय पौधों से ही इलाज के तरीके बताए जाएंगे।
साथ ही शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच कर उन्हें दवाएं दी जाएंगी। जिनकी हालत गंभीर होगी, उन रोगियों को जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल में रेफर किया जाएगा। साथ ही सभी का अंकन आयुष वेलनेस सेंटर में बने रजिस्टर पर किया जाएगा। इसकी रिपोर्ट प्रतिदिन तलब की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक आयुष वेलनेस सेंटर पर हर्बल गार्डेन की स्थापना होगी। इस गार्डेन में औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। जिससे प्राचीन भारत के इलाज के नुस्खों से ग्रामीण कम दामों में इलाज करा सकेंगे। साथ ही सभी आयुष वेलनेस सेंटर पर ग्रामीण आबादी को योग के द्वारा स्वस्थ रहने के तरीके बताए जाएंगे। डॉ. राजीव ने बताया कि क्षेत्रीय आशा व एएनएम द्वारा टीकाकरण करने के साथ ही स्वास्थ्य के बारे में जानकारी भी दी जाएगी।
इन अस्पतालों का हुआ चयन
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक व यूनानी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि नगर के आयुर्वेदिक अस्पताल, बनघुसरा, धरसवां, रमपुरवा, उर्रा बाजार, जरवलरोड, पुरैना, नंदवल, रिसिया, गौरा पिपरा, ऐरिया, गंडारा आदि अस्पताल शामिल हैं। जबकि श्रावस्ती में कटरा, हेमपुर तराई, चकिया मुरार, जौगड़, सीताद्वार, सेमरा अकरपुर, कटकुइयां और जमुनहा आयुर्वेदिक अस्पताल को आयुष वेलनेस सेंटर बनाया जाएगा।
हर्बल गार्डेन में रोपे जाएंगे औषधीय पौध
नगर के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. अशोक पांडेय गुलशन ने बताया कि प्रत्येक आयुष वेलनेस सेंटर में हर्बल वाटिका की स्थापना होगी। वाटिका में आसपास पाए जाने वाले औषधीय पौध रोपे जाएंगे। जिससे वहां के लोगों को औषधीय पौध से इलाज मिल सके।
महिला व पुरुष योग प्रशिक्षक होंगे तैनात
जिले के 12 आयुष वेलनेस सेंटर में पुरुष व महिला योग प्रशिक्षक की तैनाती होगी। डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि इससे ग्रामीण आबादी को स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जागरूक करने के साथ ही योगाभ्यास भी कराया जाएगा।