नानपारा (बहराइच)। नानपारा देहात निवासी एक सीमेंट व्यवसायी के दो खातों से हैकरों ने करीब 10 लाख रुपये निकाल लिए। इसकी जानकारी उसे बीते दिनों हुई। इस पर उसने बैंक से संपर्क साधा। हैकरों ने 30 मार्च से 27 अप्रैल के मध्य 22 बार में 9.81 लाख रुपये निकाले हैं। पीड़ित ने आनॅलाइन शिकायत दर्ज कराने के साथ लखनऊ क्राइम ब्रांच को पत्र लिखकर जांच कराने की मांग की है। कोतवाल ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच प्रभारी को सौंपी है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत नानपारा देहात के सिद्दीकी मड़ैया गांव निवासी मोहम्मद आसिफ पुत्र इशहाक बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी हैं। मोहम्मद आसिफ की दुकान नानपारा बाईपास स्थित ककरी चौराहेे के पास है। व्यवसायी ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा है कि उसके दो खाते बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा नानपारा में हैं। व्यवसायी का कहना है कि खाता 33200200000247 से 30 मार्च से 27 अप्रैल तक 22 बार में विभिन्न तिथियों में नौ लाख 81 हजार रुपये निकाल लिए गए। जबकि दूसरे बचत खाता 33200100001372 से 27 अप्रैल को 15500 रुपये निकल गए। यह निकासी 27 अप्रैल को ही 14000 और 1500 रुपये दो बार में निकाले गए।
व्यवसायी का कहना है कि सात मई को रोहित कुमार सिंह नानपारा निवासी से दो लाख रुपये की मोरंग खरीदी। दो लाख रुपये का चेक दिया। जब रोहित चेक लेकर बैंक पहुंचे तो पता चला कि रुपया ही खाते में नहीं है। खाते में सिर्फ मात्र 152 रुपये ही बचे हैं। इस पर व्यवसायी बैंक पहुंचा और स्टेटमेंट निकलवाया तो पता चला कि 30 मार्च से 27 अप्रैल के मध्य विभिन्न तारीखों में 50-50 हजार रुपये 18 बार निकाले गए, जबकि 30 हजार एक बार व एक हजार एक बार में निकाल लिए गए।
पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत के साथ क्राइम ब्रांच लखनऊ को पत्र भेजा। सोमवार को कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि क्राइम इंस्पेक्टर संजय गुप्ता से मामले की जांच कराई जाएगी। वहीं इस मामले में शाखा प्रबंधक रुपेश श्रीवास्तव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि व्यवसायी का मोबाइल बैंकिंग का पासवर्ड हैक करने के कारण पैसा निकल गया है। केस दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बिहार में निकाले गए रुपये
व्यवसायी मोहम्मद आसिफ का कहना है कि स्टेटमेंट से जानकारी हुई है कि गौतम कुमार व धर्म इंटरप्राइजेज खाता संख्या 919020000653801 में आईएफसी कोड यूटीआईबी 002765 तथा दूसरे खाता संख्या 920020002765 में ट्रांसफर किया गया है। यह खाता पटना एक्सेस बैंक में संचालित है। वहीं सभी रुपये निकाले गए।