बहराइच। शहर में अतिक्रमण को लेकर नगर पालिका प्रशासन सख्त हो गया है। सोमवार को नगर पालिका प्रशासन ने चौक बाजार से अतिक्रमण हटवाया। 16 दुकानों का सामान जब्त करने के साथ ही 35 सौ रुपये जुर्माना वसूला। दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही। तमाम दुकानदार दुकानें बंद करके भाग गए।
शहर में दुकानदारों की ओर से सड़क की पटरियों पर अवैध कब्जा कर लिया गया। सुबह होते ही दुकानदार सड़क की पटरियों पर सामान सजा देते हैं। इसके बाद खरीदारी करने आए ग्राहक अपनी गाड़ियों को खड़ी कर देते हैं, जिससे सड़क सकरी हो जाती है। भीड़ बढ़ने से शहर में दिनभर जाम की स्थिति रहती है। इसको लेकर अमर उजाला की तरफ से कई दिनों तक आम जनमानस की समस्या को देखते हुए खबरें प्रकाशित की गईं।
सोमवार को नगर पालिका परिषद की ईओ ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान नगर पालिका परिषद के बरामदे सहित शहर के पीपल तिराहा से चौक बाजार घंटाघर तक दुकानदारों की ओर से किया गया अतिक्रमण हटवा दिया गया। इस अवसर पर सीओ सदर राजीव सिसौदिया भी मौजूद रहे।
अतिक्रमण के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
नगर पालिका परिषद की ईओ प्रमिता सिंह व एसडीएम सदर प्रिंस वर्मा ने बताया कि 16 अतिक्रमणकारियों के दुकान का सामान जब्त कर लिया गया है। 3500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा।