जरवलरोड (बहराइच)। गोंडा जिले के गुरुपुरवा परसा गोंडरी निवासी शिवशंकर ओझा (24) को बुधवार सुबह अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मेडिकल कॉलेज ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मृतक के बड़े भाई विजयशंकर ओझा ने बताया कि वे दिल्ली से बस में सवार होकर घर लौट रहे थे। जब वे घर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश शुरू हुई। जानकारी हुई कि वह बुधवार सुबह चार बजे जरवलरोड पर बस से उतरे थे, उनके हाथ में सब्जी की पन्नी थी, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आसपास मौजूद राहगीरों की मदद से उन्हें मुस्तफाबाद सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया था। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। चिकित्सक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया था।