बहराइच। कोविड-19 महामारी केे प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिलाधिकारी शंभु कुमार ने शनिवार देर शाम शिविर कार्यालय पर अधिकारियों के साथ बैठक कर डोर-टू-डोर सर्विलांस, कोविड एवं नान कोविड अस्पतालों की स्थिति, सैंपलिंग, कांट्रैक्ट ट्रेसिंग, एंबुलेंस की उपलब्धता तथा कोविड पॉजिटिव मरीजों को उपलब्ध करायी जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शासन की ओर से निर्धारित मानक के अनुसार सैंपलिंग करायी जाए तथा टेस्ट किट आदि की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराई जाए।
सर्विलांस अभियान की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि सर्विलांस टीमें प्रतिदिन चिह्नित किये गये लक्षणयुक्त मरीजों की सूचना 24 घंटे में प्राप्त कर जांच करायें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद में गठित सभी 62 रैपिड रिस्पांस टीमें सजग रहें और पॉजिटिव मरीजों की स्थिति के अनुसार उन्हें एल-1, एल-2 में भर्ती अथवा होम आइसोलेट कराया जाए। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की ट्रेसिंग कराकर उनकी जांच करायी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कि रैपिड रिस्पांस टीमें, सीएचसी स्तर की जोनल टीमें तथा कोविड कमांड कंट्रोल रूम द्वारा प्रतिदिन होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों का फीड बैक प्राप्त करें तथा मरीज की स्थिति के अनुसार तत्काल एल-1 अथवा एल-2 में शिफ्ट कराने की कार्रवाई की जाए। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि रैपिड रिस्पांस टीम की संस्तुति के बाद ही मरीजों को होम आइसोलेट किया जाए। इस मौके पर मुख्य राजस्व अधिकारी प्रदीप कुमार यादव, सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह, एल-2 के नोडल डॉ. ओपी पांडेय आदि मौजूद रहे।