बहराइच में शनिवार की रात को गुरू नानक जयंती के अवसर पर यात्रा में मौजूद पंच प्यारे।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। गुरुनानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर शनिवार की देर रात तक शहर में शोभायात्रा निकाली जाती रही। यात्रा के दौरान की गई आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं इस दौरान सिख समुदाय के लोगों ने गतका और करतब भी दिखाया। रविवार को गुरुद्वारे में शबद कीर्तन का आयोजन भी हुआ।
गुरुनानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर शनिवार को नगर क्षेत्र में शोभा यात्रा निकाली गई थी। कीर्तन यात्रा नगर की सड़कों पर देर रात तक निकलती रही। यात्रा के दौरान पंज प्यारे आगे-आगे चल रहे थे। गुरू ग्रंथ साहिब की अगुवाई में निकाली गई शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पीपल चौराहा स्थित गुरुद्वारा पहुंचकर समाप्त हुई।
यात्रा में डिहवा, गौरा धनौली, हीरासिंहपुरवा, निहालपुरवा, पयागपुर आदि क्षेत्र के सिख समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। शान-ए खालसा गतका ग्रुप के युवकों ने युद्ध कौशल दिखाया। रामपुर से आए खालसा स्टेटर्स ग्रुप के युवकों ने अपने करतब दिखाकर लोगों को आकर्षित किया। सिख समाज ने गुरू पर्व की बधाई आओ करें सफाई नारे के साथ शहर की सड़कों की सफाई भी की।
सिख समाज की ओर से की गई आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। यात्रा के दौरान खालसा यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष मंदीप सिंह वालिया, जगनंदन सिंह, गुरूदेव सिंह, भूपेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, संतोष सिंह वालिया, परविंदर सिंह, हरमीत सिंह, बलजीत कौर आदि मौजूद रहे।