बहराइच। चायपत्ती के दो ब्रांड की बिक्री पर खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को प्रतिबंध लगा दिया है। इन दोनों ब्रांड के नमूने जांच के दौरान फेल हो चुके हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरे प्रदेश में इन दोनों ब्रांड की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के लिए आयुक्त खाद्य सुरक्षा को पत्र लिखा है। इनकी आपूर्ति बरेली से नानपारा में की जा रही थी।
खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग ने एक सप्ताह पूर्व नानपारा बाजार से लोबासा मिक्स ब्रांड से निर्मित गार्डेन फ्रेश व फ्लेवर्ड टी कन्संट्रेट चायपत्ती का नमूना लिया था। टीम को शक था कि दोनों चायपत्ती नकली हैं। इनके नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था, जहां दोनों ब्रांड के नमूने फेल हो गए। इस रिपोर्ट के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों ब्रांड को जिले में बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
21 किलो चायपत्ती सील
जांच के दौरान टीम को विक्रेता ने बताया था कि यह चायपत्ती बरेली से ट्रांसपोर्ट के माध्यम से लाई जाती है। इसके बाद आर्डर के अनुसार दुकानों में सप्लाई की जाती है। टीम ने मौके पर 21 किलो चायपत्ती बरामद कर सील किया।
बरेली भेजी है सूचना
जांच के दौरान फेल उत्पाद पर जिले में प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही बरेली के भी अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। आयुक्त को पत्र भेज कर अन्य जगहों पर भी इस ब्रांड की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने को कहा गया है।
- डाॅ. अमर सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय