पयागपुर में गोला दगने से घायल होने के बाद मेडिकल कालेज में भर्ती घायल बालक।
बहराइच। अलग-अलग हादसों में बालक सहित तीन लोग झुलस कर घायल हो गए। घायलों के परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां सभी का उपचार किया जा रहा है।
पयागपुर थाना क्षेत्र के कोट बाजार निवासी उदयराज का आठ वर्षीय बेटा शिवराम शुक्रवार को खेत पर पटाखा छुड़ाते समय फटने से चपेट में आकर झुलस गया। पिता उदयराज ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव में शादी थी, जिसमें आतिशबाजी हुई थी। इसी दौरान कोई पटाखा फटने से रह गया और वहीं पड़ा रहा। सुबह जब शिवराम को पड़ा मिला तो उसे उठाकर खेत पर दगाने चला गया और चपेट में आकर झुलस गया।
वहीं, रामगांव थाना क्षेत्र के जलीलपुरवा मौजा भकला गांव निवासी चक्की संचालक रिजवान (35) चक्की के साइलेंसर में आग लगने से चपेट में आकर झुलस गए। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। इसी तरह, मोतीपुर थाना के छोटे दरोगापुरवा निवासी सज्जन (25) के घर बहन की शादी के लिए बारात आई थी। सुबह मेहमानों के लिए गर्म तेल की कढ़ाही में पूड़ी बन रही थी। इसी दौरान वे कढ़ाही के पास पहुंचे और अचानक चक्कर आने पर कढ़ाही में गिरने से बुरी तरह झुलस गए।