नेपाल में स्थित कैसीनों में खेलते भारतीय युवक।
- फोटो : सोशल मीडिया
यूपी के बहराइच में भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में कसीनो जाकर जुआ खेलने का प्रचलन बढ़ता ही जा रहा है। रूपईडीहा कस्बा के भी कुछ लोग कसीनो जाकर अपना व्यापार चौपट कर चुके हैं। सीमा क्षेत्र के नेपालगंज में नित नए खुल रहे कसीनो में जाकर भारतीय युवा जीतने की चाहत में अपना धन के साथ-साथ भविष्य समाप्त करते जा रहे हैं।
बीते दिनों पुलिस ने भी एक बाइक चोर गैंग पकड़ा था जिसमें पकड़े गए आरोपियों ने नेपाली कसीनो जाने की लत के चलते अपराध करने की बताई थी। रूपईडीहा प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह का कहना है कि सीमा क्षेत्र से निकलने वाले संदिग्धों की पुलिस टीम लगातार निगरानी करती है। समय समय पर कार्रवाई भी होती है।
भारतीय सीमा क्षेत्र में जुआ खेलना अपराध
भारत में जुआ खेलना अपराध माना जाता है। इसी के चलते जुआरी नेपाली क्षेत्रों की ओर कूच कर रहे हैं। गांव, देहात में भी जो जुआरी जुआ खेला करते थे उनकी भी लत कसीनो की चकाचौंध में जाकर फंस गई है। वह अपना घर द्वार, प्रॉपर्टी बेचकर कसीनो से भारी रकम जीतकर लाने की चाहत में कुछ बर्बाद कर रहे हैं।
नेपालगंज में कसीनो की भरमार जुवारियों की इस चाहत के कारण ही पहले कसीनो केवल काठमांडू में ही हुआ करता था। लेकिन बढ़ते मुनाफे को देखते हुए नेपालगंज इलाके के सभी प्रमुख होटलों में खोलने की ललक पैदा हो गई है। इसलिए जितने भी बड़े होटल नेपाल में है उनमें कसीनो की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती हुई देखी जा रही है।
मुफ्त में मिलती महंगी शराब व भोजन करते आकर्षित
यही नहीं इन कसीनो में लखनऊ ,लखीमपुर ,बहराइच ,सीतापुर,जयपुर, राजस्थान, दिल्ली गुजरात आदि से भारी मात्रा में जुआरी आते हैं। इन कसीनो में समय-समय पर विभिन्न प्रकार के रंगारंग कार्यक्रम व मुफ्त में मिलने वाली महंगी शराब व भोजन भी युवाओं को आकर्षित करने का काम करते हैं।