रिसियामोड़ (बहराइच)। असोम रोड पर समसा तरहर गांव के पास शुक्रवार सुबह स्कूल जा रहे एक बच्चे को बचाने में टेंपो पलट गया।
इससे टेंपो में सवार चार प्रशिक्षु महिला शिक्षक घायल हो गईं, जबकि बच्चा भी टेंपो की चपेट में आकर जख्मी हुआ है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के नवागढ़ी निवासी टीईटी प्रशिक्षु शिक्षिका मोना मिश्रा (30), परनीता (38), शीबा बेगम (30) व रसीदा खातून (32) टेंपो में सवार होकर रिसिया ब्लॉक संसाधन केंद्र पर प्रशिक्षण के लिए जा रही थीं।
असोम रोड पर समसा तरहर गांव के पास अचानक सामने से सोनू (10) आ गया। टेंपो चालक उसे बचाने में नियंत्रण खो बैैठा और टेपों पलट गया। इससे चारों शिक्षिकाएं और सोनू जख्मी हो गए।
टेंपो चालक ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को डिस्चार्ज कर दिया है। हादसे की सूचना पाकर एबीआरसी आशीष सिंह ने जिला अस्पताल पहुुंचकर घायलों का हाल चाल पूछा है।