बहराइच। रामगांव थाना क्षेत्र के किशुनपुर मीठा गांव में खेत में नित्यक्रिया करने से मना करने पर दो समुदायों के लोगों में मारपीट हो गई, जिसमें एक पक्ष के चार लोगों को चोटें आईं। एक युवक को ज्यादा चोट आने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने नौ नामजद समेत पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दो समुदाय में विवाद होने के कारण शांति व्यवस्था बनाएं रखने के लिए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
रामगांव थाना क्षेत्र के किशुनपुर मीठा गांव निवासी अतुल कुमार रविवार देर शाम शौच करने के लिए घर से दूर खेत में गए थे। गांव निवासी जाकिर भी वहां अपने खेत में काम कर रहे थे। जाकिर ने अतुल को मना करते हुए आगे जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। मामूली सी बात को लेकर दोनों पक्षों से लोग एकत्रित हो गए और मारपीट होने लगी। जिसमें जाकिर व तीन अन्य लोगों को चोटें आई। जाकिर के सिर में चोट लगने के कारण मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
रामगांव थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि दो समुदाय के लोगों में कहासुनी हुई थी। जाकिर के पक्ष की ओर से महिलाएं लाठी-डंडे लेकर अतुल के पिता राममिलन वर्मा की दुकान पर पहुंचीं और काउंटर का शीशा तोड़ दिया। जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था, लेकिन इसमें किसी को कोई चोट नहीं लगी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि राम मिलन की तहरीर पर नौ नामजद समेत पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष को नहीं पता कि कोई चोटिल है
शौच करने को लेकर हुए विवाद में दूसरे पक्ष की ओर से जाकिर मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने के लिए भर्ती हैं। उसके सिर मेें चोट के निशान दिख रहे हैं, लेकिन रामगांव थानाध्यक्ष को यह नहीं पता कि कोई चोटिल भी है। सवाल करने पर उन्होंने बताया कि कोई पीड़ित थाने पर नहीं आया था।
शीशा टूटा, लेकिन कोई घायल नहीं
एसपी की ओर से बने पीआरओ सेल पर आई सूचना में यह साफ लिखा है कि एक पक्ष के लोग दुकान पर आए और दुकान के काउंटर का शीशा तोड़ दिया, लेकिन किसी को चोट नहीं आई। अब सवाल उठता है कि एक ही पक्ष के लोग तांडव मचाते रहे और दूसरा पक्ष बिल्कुल शांत होकर देखता रहा? मेडिकल कॉलेज में भर्ती युवक को चोट कैसे आई?
मामले की कराई जाएगी जांच
शौच करने को लेकर हुए विवाद में मामूली मारपीट हुई थी। एक पक्ष काफी उग्र था। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में फोर्स तैनात रही और जो कुछ भी बातें निकलकर सामने आ रही हैं। प्रकरण की जांच कराई जाएगी। किसी निर्दोष पर कार्रवाई नहीं होगी।
रवींद्र सिंह, एएसपी ग्रामीण