बहराइच। शहर के कानूनगोपुरा मोहल्ला निवासी एक ही परिवार के चार और लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने की पुष्टि हुई है। यह चारों लोग पूर्व में मिले कोरोना संक्रमित वृद्ध के पारिवारिक सदस्य हैं। परिवार की एक युवती पहले ही पॉजिटिव मिल चुकी है। अब चार और कोरोना संक्रमित मिलने से जिले में मरीजों की कुल संख्या 121 पहुंच गई है। सभी कोरोना संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चित्तौरा स्थित कोविड लेवल-1 अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही मोहल्ले में पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। वहीं एक ही परिवार में अब तक छह लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद हड़कंप मचा है।
शहर के कानूनगोपुरा मोहल्ला निवासी एक वृद्ध 11 जून को पीजीआई में इलाज के दौरान कराई गई जांच में कोरोना संक्रमित निकला था। मोहल्ले को प्रशासन की ओर से पॉजिटिव मरीज के घर लौटने पर 13 जून को हॉटस्पॉट बना दिया गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वृद्ध के परिवार के सदस्यों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे थे। तीन दिन पूर्व आई जांच रिपोर्ट में वृद्ध की पुत्री भी कोरोना संक्रमित मिली थी। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग ने पूरे परिवार के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे।
सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह ने बताया कि रविवार देर रात लखनऊ के राम मनोहर लोहिया संस्थान से रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेजी गई, जिसमें वृद्ध के परिवार के चार और सदस्यों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इससे स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कानूनगोपुरा मोहल्ले में पहुंचकर सभी कोरोना संक्रमितों को चित्तौरा स्थित कोविड लश्ेवल-1 अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। चार और कोरोना संक्रमित रोगियों के मिलने से जिले में मरीजों की कुल संख्या 121 पहुंच गई है। सीएमओ ने बताया कि कुल एक्टिव केस 12 हो गए हैं। उन्होंने बताया कि मोहल्ले में स्वास्थ्य विभाग की टीम क्षेत्र के अन्य लोगों का सैंपल भी जांच के लिए भेजेगी, जिससे कोरोना संक्रमितों की सही जानकारी मिल सके।