हरदी थाना पुलिस द्वारा पकड़े गए अवैध टीकाकरण करने वाले आरोपी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। हरदी थाना क्षेत्र के चुरईपुरवा गांव में कुछ लोग शनिवार को हेपेटाइटिस बी का टीका लगाने पहुंचे। वे ग्रामीणों से टीकाकरण के नाम पर रुपये मांग रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। डिप्टी सीएमओ की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में डिस्पोजल सीरिंज, वैक्सीन, वैक्सीनेशन बॉक्स आदि बरामद हुए हैं।
हरदी थाना क्षेत्र के चुरईपुरवा गांव में कुछ लोग टीकाकरण करने के लिए पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से हेपेटाइटिस बी का टीका लगाने के नाम पर 50 रुपये प्रति टीके की मांग की। अपने आप को स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से भेजे जाने की जानकारी भी दी।
इसकी सूचना मिलने पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विजय प्रकाश वर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की तो पता चला कि यह चारो लोग न्यू लोकप्रिय जन कल्याण संस्थान आगरा द्वारा हेपेटाइटिस व टायफाइड का टीका लगाने के लिए सीएमओ बहराइच की ओर से जारी एक पत्र लिए हुए थे।
जबकि डिप्टी सीएमओ का कहना है कि सात अगस्त को ही इन सभी का अनुबंध निरस्त किया जा चुका था। यह लोग गलत तरीके से टीकाकरण व अवैध वसूली का काम कर रहे थे।
डिप्टी सीएमओ की तहरीर पर कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र के पखरावां गांव निवासी अंबोल सिंह पुत्र रामलखन, बाराबंकी के कोतवाली नगर के नारेकपुरवा निवासी परवेश पुत्र रामनरेश, दीनपना गांव निवासी उमेश सिंह और लखीमपुर के काशीपुर निवासी सुखदेव पुत्र रामचंद्र के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
एसओ शिवानंद प्रसाद ने बताया कि आरोपियों को धोखाधड़ी व मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। इनके कब्जे से दो वैक्सीनेशन बॉक्स, 13 वैक्सीन और 200 डिस्पोजल सीरिंज, रुई, स्प्रिट आदि बरामद हुई है।