बहराइच। रमपुरवा गांव में आबादी की जमीन पर निर्माण को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश डाल रही है। पकड़े गए आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
हरदी थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव में आबादी की जमीन पर निर्माण को लेकर शुक्रवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। बीचबचाव कराने आए बुजुर्ग ननकऊ शुक्ला की दबंगों ने भाले से गोदकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस प्रकरण मेें दो महिलाओं समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। एसपी विपिन मिश्रा ने हरदी थानाध्यक्ष आरपी यादव को आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या में शामिल आरोपी भागने की फिराक में हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष ने दलबल के साथ महसी रोड पर स्थित पुलिया के पास पहुंचकर भोला अवस्थी पुत्र सियाराम, राजकुमार पुत्र भोला अवस्थी, बिट्टो देवी पत्नी राजू अवस्थी व रीता पुत्री भोला अवस्थी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी विपिन मिश्रा ने बताया कि थानाध्यक्ष को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजें।