खुटेहना (बहराइच)। विकासखंड पयागपुर की ग्राम पंचायत पहाड़वा में पूर्व ग्राम प्रधान दस्तगीर ने कराए गए विकास कार्यों का वर्षों बाद भी भुगतान नहीं होने पर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की मांग की है। शिकायत में उन्होंने कहा है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पूर्व ग्राम हरैया में अनिल कुमार मिश्रा के घर से लेकर बड़कऊ के घर तक करीब 200 मीटर लंबी नाली और खड़ंजा का निर्माण कराया गया था।
इसके अतिरिक्त मस्जिद से लेकर भोंदू के हाेते तक मिट्टी पटाई व खड़ंजा निर्माण का कार्य भी कराया गया था। साथ ही सड़क से नहर तक के मार्ग का निर्माण कार्य भी हुआ था। इन सभी कार्यों को बीते साढ़े चार वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अभी तक संबंधित विभाग द्वारा कोई भुगतान नहीं किया गया है। दस्तगीर ने बताया कि उन्होंने कई बार पयागपुर खंड विकास कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन हर बार आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। जिसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए कराए गए विकास कार्यों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है।