बहराइच। कोतवाली देहात पुलिस व स्वाट टीम ने दो चोरियों में शामिल पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से नकदी व तमंचा बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि सरगना आशिक अली की अगुवाई में गैंग में शामिल युवक अपनी प्रेमिकाओं की जरूरत को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पकड़े गए आरोपियों ने शेखदही व जगतापुर में हुई चोरियोंं में शामिल होने की बात भी स्वीकारी।
एएसपी नगर रामानंद कुशवाहा ने बताया कि 27 अप्रैल को मोहल्ला शेखदहीर और 30 अपैल को चोरों ने जगतापुर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। शुक्रवार को मिली सूचना के बाद पुलिस ने स्वाट टीम के साथ मिलकर त्रिमुहानी घाट के पास से चोरी में शामिल दरगाह थाना क्षेत्र के नूरूद्दीनचक निवासी आशिक अली, पल्हरीबाग निवासी तालिब, मसूरगंज निवासी विजय घोसी , कोतवाली देहात के माधवरेती निवासी शहबान व बंजारी मोड़ निवासी रंजीत सोनी को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चोरी किए गए पांच चांदी के सिक्के, 1.01 लाख रुपये की नकदी व आभूषण के साथ तमंचा व चाकू बरामद हुआ। सरगना ने बताया कि गिरोह में शामिल युवक अपनी प्रेमिकाओं की जरूरतें पूरी करने के लिए चोरी करते थे।